पुंछ। जिले में रविवार देर शाम से जारी भारी वर्षा सोमवार को भी दिन भर रुक-रुक कर जारी रही। इससे जिले की मंडी तहसील में नदी-नाले उफान पर आ गए। इस दौरान तहसील में नदी पार करते हुए बह जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसकी पहचान 29 वर्षीय जावेद इकबाल पुत्र अब्दुल सलाम निवासी गांव पस्सियां लोरन के रूप में हुई है। उसका शव करीब चार किलोमीटर दूर स्थित गोरियां क्षेत्र से बरामद किया गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों के हवाले कर दिया।
दूसरी तरफ गगड़ियां क्षेत्र में बारिश से दो कच्चे मकान डह गए परन्तू उनमें किसी प्रकार का कोई जानी नुकसान होने का कोई समाचार प्राप्त नहीं हुआ है। नदी-नालों में उफान को देखते हुए प्रशासन ने लोगों को नदी-नालों के आस पास न जाने के निर्देश जारी किए हैं। जानकारी के अनुसार सुबह जिले की मंडी तहसील के लोरन पस्सियां क्षेत्र निवासी अब्दल सलाम का 29 वर्षीय पुत्र जावेद इकबाल किसी जरूरी काम से गांव के बाहर जाने के लिए बारिश के बीच ही घर से निकला और जब वह गांव के बीच बहने वाले डोबावाश नाले को पार करने लगा तो नाले में पानी के तेज बहाव से वह बह गया। पता चलने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही ग्रामीणों के सहयोग से जावेद इकबाल की नाले में तलाश शुरू की, जहां दोपहर को उसका शव चार किलोमीटर दूर पुलस्त नदी से बरामद हुआ। लगातार जारी बारिश से गगड़ियां में दो मकान गिर गए। इन मकानों में रहने वाले परिवार इन दिनों अपने मवेशियों के साथ डोकों में गए हुए हैं। इससे किसी प्रकार का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।