पुंछ। सोमवार को विजिलेंस आर्गनाइजेशन जम्मू ने मंडी पुलिस के एक कांस्टेबल नजीर हुसैन शाह (नंबर 601जे) के खिलाफ एफआईआर 27/2018 दर्ज कर उसके खिलाफ धारा 5, 1डी, सेक्शन 4 एपीसी एक्ट, एसवीटी 2006 सजायुक्त जुर्म, धारा 5/2, जम्मू-कश्मीर प्रिवेंशन आफ करप्शन एक्ट 13/8/2018 के तहत रिश्वतखोरी और धोखाड़ी का मामला दर्ज किया है। शिकायतकर्ता मोहम्मद असलम पुत्र नूर मोहम्मद निवासी गांव साथरा तहसील मंडी जिला पुंछ ने विजिलेंस के समक्ष इस बात की शिकायत दर्ज करवाई थी कि कांस्टेबल नजीर हुसैन शाह जब मंडी थाने में तैनात था तो उसने उनके बेटे को पुलिस में नौकरी दिलवाने के लिए 75 हजार रुपये लिए, लेकिन बेटे की नौकरी नहीं दिलाई। इस शिकायत के बाद विजिलेंस द्वारा जांच करने पर कांस्टेबल नजीर हुसैन शाह के खिलाफ शिकायत सही पाते हुए उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।