उधमपुर। पिछले दिनों भाजपा-पीडीपी की सरकार ने राज्य में पंचायती चुनाव कराने का एजेंडा रखा था। लेकिन, अब सरकार चुनाव करवाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रही है। चुनाव न करवाने की जिम्मेवारी भी सरकार विपक्ष पर डाल रही है। अगर मौजूदा समय में चुनाव करवाए जाते हैं, तो कांग्रेस इसके लिए पूरी तरह से तैयार है और उसे चुनौती के रूप में कबूल करेगी।
यह बातें मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष जीए मीर ने उधमपुर में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहीं। इस दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि भी दी गई।जीए मीर ने बताया कि पूरे प्रांत में सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन के जरिए आंकलन किया जा रहा है कि तीन वर्ष के कार्यकाल में भाजपा-पीडीपी सरकार ने जनता से किए कितने वादे पूरे किए हैं।
पिछले कई दिनों के सम्मेलन में देखा गया है कि लोग इस सरकार से जबरदस्त नाराज हैं। लोकसभा व विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान जो वादे किए वे न तो राज्य सरकार ने पूरे किए और न ही केंद्र सरकार कुछ कर पाई है। काला धन वापस लाकर हर एकाउंट में 15 लाख रुपये डालने, सीमा पर शांति स्थापित करने, बेरोजगारी को दूर करने सहित सभी वादे और दावे झूठे निकले हैं। इस सरकार से निराश होकर लोग कांग्रेस के साथ जुड़ने लगे हैं।
सरकार अब पंचायती चुनाव न करवाने का प्रयास करने लगी है, लेकिन कांग्रेस चुनाव से भागने वाली पार्टी नहीं है। कांग्रेस ने जो पंचायतों को अधिकार दिए थे वे सभी अधिकार इस सरकार ने छीन लिए हैं। पंचायतों को महज एक मजाक बनाकर रख दिया गया है। इसके बावजूद अगर पंचायती चुनाव करवाए जाते हैं तो कांग्रेस पार्टी उसको चुनौती के रूप में कबूल करेगी। सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ उप प्रधान शाम लाल शर्मा, रमण भल्ला व अन्य कई नेता पहुंचे थे।