बिलावर। उप जिले के लोगों ने केंद्र और प्रदेश सरकार से प्रसिद्ध धार्मिक स्थल माता सुकराला, माता बाला सुंदरी व अन्य धार्मिक स्थलों को रेल मार्ग से जोड़ने की मांग की है। लोगों का कहना है कि रेल मार्ग से जुड़ने से न केवल इलाके के धार्मिक पर्यटन को पंख लगेंगे, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के साधन मुहैया होंगे और उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
स्थानीय निवासी मोहन सिंह, सोहन लाल, कृष्ण चंद, रमेश चंद्र, कुल भूषण कुमार ने बताया कि सरकार ने माता सुकराला और माता बाला सुंदरी धार्मिक स्थल के विकास के लिए श्राइन बोर्ड का गठन तो कर दिया है। मगर अभी तक हकीकत में कुछ विकास नजर नहीं आया है। सुकराला नगर अभी भी सिंगल लेन सड़क से ही जुड़ पाया है। जबकि बाला सुंदरी मंदिर पहुंचने के लिए अभी भी श्रद्धालुओं को कच्ची ढक्की चढ़ने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। अभी तक बाला सुंदरी का भवन सड़क से नहीं जुड़ पाया है। इन लोगों ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में बिलावर सब डिविजन के धार्मिक स्थलों को देश के पर्यटन मानचित्र पर लाना चाहती है तो उसे इन स्थलों को रेल मार्ग से जोड़ना होगा। ताकि वैष्णो देवी की यात्रा की तरह देश के अन्य भागों से आने वाले यात्री भी यहां आराम से पहुंच सकें और माता सुकराला, माता बाला सुंदरी की तरह अन्य धार्मिक और पर्यटक स्थलों का अवलोकन कर सकें।