श्रीनगर में एक अस्पताल की दो नर्स व एक तीमारदार समेत कोरोना के और 12 मरीज शनिवार को सामने आए। इसी अस्पताल की एक महिला डॉक्टर समेत तीन कर्मचारी पहले पॉजिटिव हो चुके हैं।
इसके साथ जम्मू-कश्मीर में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 836 पहुंच गया है। इसमें कुल 459 सक्रिय मामलों में जम्मू संभाग से 13 और कश्मीर से 446 हैं। इस बीच जम्मू में एक और कश्मीर में तीन मरीजों को ठीक होने पर शनिवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। जम्मू संभाग में कठुआ जिले के बसोहली में शुक्रवार रात मिले कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए लोगों की तलाश तेज कर दी गई है।
सूत्रों का कहना है कि श्रीनगर के जिस अस्पताल में कोविड से एक युवक की मौत हो गई थी, उसके दर्जनभर अटेंडेंट (तीमारदार) के सैंपल जांच के लिए गए थे। इनमें से एक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि तीमारदारों के प्रवेश पर रोक लगनी चाहिए। उनकी रिपोर्ट निगेटिव रहने पर ही अस्पताल में रहने की अनुमति देनी चाहिए। इस बीच जो 12 नए मरीज मिले हैं, उनमें चार लोग गांदरबल के हैं।
ये सभी श्रीनगर के रंगरेथ इलाके में एक फैक्टरी में काम करते हैं, जहां वे पॉजिटिव के संपर्क में आए। इस बीच उत्तरी कश्मीर के पट्टन में एक कॉलेज में क्वारंटीन किए गए 164 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।