कठुआ। जम्मू-कठुुआ रूट पर चलने वाली बसों में स्टूडेंट्स को हर हाल में किराए में छूट देनी होगी। छुट्टी के दिन और रविवार को भी। आईजीपी ट्रैफिक बसंत रथ ने एसपी रूरल मुश्ताक चौधरी को इसे हर हाल में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
एक सप्ताह में ऐसा दूसरी बार हुआ है जब जम्मू-कठुआ रूट से आने-जाने वाले स्टूडेंट्स ने ट्विटर हैंडल का प्रयोग कर आईजीपी को अपनी समस्या बताई है। कुछ दिन पहले भी ट्विटर पर स्टूडेंट की तरफ से बस किराए को लेकर बस कंडक्टर की तरफ से बदसलूकी करने की शिकायत के बाद बसंत रथ के निर्देश पर बस पर जुर्माना लगाया गया था। रविवार को एक बार फिर कठुआ के एक विद्यार्थी ने आईजीपी बसंत रथ को ट्वीट कर लिखा कि जम्मू कठुआ रूट पर चलने वाली बसों के कंडक्टरों का कुछ करें। वे अभी भी स्टूडेंट्स से पूरा किराया वसूलते हैं और कहते हैं कि यदि नहीं देना है तो अगले स्टाप पर उतर जाएं। आईजीपी ने तुरंत एसपी रूरल मुश्ताक चौधरी को निर्देश देते हुए लिखा कि मुश्ताक साहब इन बस कंडक्टरों के पीछे जाएं। हर एक के पीछे। उन्हें स्टूडेंट्स को किराए में छूट देनी होगी छुट्टी के दिन भी। रविवार को भी। इस पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
मिनी बस और बस चालकों को स्टूडेंट्स को हर हाल में किराए में छूट देनी होगी। यहां तक कि छुट्टियों के दौरान भी। हो सकता है कि विद्यार्थी कोचिंग या फिर किताब लेने जा रहा हो। ऐसे में वह रविवार को भी किराए में छूट का हकदार है। स्टूडेंट्स को भी चाहिए कि वे भी स्कूल, कॉलेज या विश्वविद्यालय का अपना पहचान पत्र जरूर साथ रखें और मांगे जाने पर दिखाएं।
-मुश्ताक चौधरी, एसपी ट्रैफिक रूरल