जम्मू। बीएसएनएल सिक्योरिटी सप्लाई में धोखाधड़ी के मामले में मंगलवार को सीबीआई दिल्ली की टीम ने दोमाना के बोहड़ी इलाके में छापा मारा। टीम का नेतृत्व सब इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह कर रहे थे। इस दौरान एक कर्नल के भाई के घर को खंगाला गया।
रिटायर्ड कर्नल मोहर सिंह पर आरोप है कि पुणे में पोस्टिंग के दौरान सिक्योरिटी एजेंसी खोली थी। इसके लिए तीन करोड़ रुपयों का लोन अन्य बैंकों से लिया था। अन्य बैंकों से लोन लेने के लिए उसने पीएनबी बैंक से गारंटी (अंडर टेकिंग) ली थी, जिसके आधार पर अन्य बैंकों ने उसे तीन करोड़ का लोन दिया था।
बीएसएनएल को उसने सिक्योरिटी मुहैया कराई, लेकिन डेढ़ करोड़ रुपये ही सिक्योरिटी वालों में वितरित किया। बाकी डेढ़ करोड़ रुपये नहीं अदा करने पर बीएसएनएल ने सीबीआई में शिकायत दर्ज कराई थी।
कर्नल के भाई दयाल सिंह के घर को टीम ने पूरे घर को काफी देर तक खंगाला। घर वालों से पूछताछ की गई। रिटायर्ड कर्नल मोहर सिंह अक्सर अपने भाई के घर आता जाता रहता है। वह त्रिनेत्र सिक्योरिटी एजेंसी चलाता है। उसकी एजेंसी बैंकों, अस्पतालों समेत कई जगहों पर सुरक्षा प्रदान करती है। फिलहाल, पुणे में सीबीआई रिटायर्ड कर्नल सेे पूछताछ कर रही है।