उधमपुर। उधमपुर नगर परिषद में बहुत ही दिलचस्प चुनाव परिणाम सामने आए हैं। राजनीतिक पार्टियों में पैंथर्स पार्टी ने सबको पछाड़ कर सबसे अधिक छह सीटों पर कब्जा किया है, वहीं भाजपा के हाथ भारी निराशा लगी है। भाजपा के हाथ केवल चार सीटें लगी हैं। वहीं कांग्रेस को केवल दो सीटों से संतोष करना पड़ा है। शहर में भाजपा का केवल चार सीटें जीतना सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बना रहा।
उधमपुर में नगर परिषद चुनाव से पहले ही अटकलों को बाजार गर्म हो गया था। हर कोई भाजपा के ही सबसे बड़ी पार्टी बनने का कयास लगा रहा था। इसके बाद विधायक पवन गुप्ता की तरफ से खड़े किए गए निर्दलीय उम्मीदवारों की जीत के दावे किए जा रहे थे। कांग्रेस पार्टी पर किसी ने कोई खास विश्वास नहीं जताया था। शनिवार को जब चुनाव परिणाम निकलने लगे तो सभी हैरान रहे गए। पहले चरण में जब तक चुनाव परिणाम घोषित किए गए तो भाजपा के हाथ एक भी जीत नहीं लगी। पैंथर्स पार्टी ने दो सीटों पर कब्जा किया, जबकि कांग्रेस के हाथ भी दो सीटें लगी। दूसरे चरण में भाजपा को एक सीट मिली और तीसरे चरण में तीन सीटों में कामयाबी मिली। भाजपा के हाथ 21 में से केवल चार सीटें ही लगीं। उधर पैंथर्स पार्टी ने 21 वार्ड में से 16 उम्मीदवार खड़े किए थे और पैंथर्स पार्टी ने छह सीटों पर जीत हासिल कर सबसे अधिक सीटें हासिल करने वाली पार्टी बनी। उधमपुर में नौ सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है, इनमें से पांच उम्मीदवार उधमपुर के विधायक पवन गुप्ता की तरफ से खड़े किए गए उम्मीदवार थे।