अरनिया। सीमावर्ती गांवों में शार्ट सर्किट और बिजली के तारों से निकली चिंगारी की वजह से फसल जलने की घटना गंभीर समस्या बन गई है। शनिवार को अरनिया के सीमांत गांव पिंडी कैंप स्थित डी-17 नामक नहर के उस पार खेतों से गुजर रहे बिजली के एलटी तारों से निकली चिंगारी ने करीब बारह किसानों की 215 कनाल में खड़ी गेहूं फसल को जलाकर राख कर दिया।
दोपहर बाद करीब पौने एक बजे बिजली के तारों की चिंगारी ने खेतों में खड़ी गेहूं फसल को अपनी चपेट में लिया। कुछ ही पल में चिंगारी ने विकराल रूप धारण किया और फसल तेजी से धू-धू कर जलने लगी। तेज हवा के कारण आग तेजी से एक तरफ फैलने लगी। आग कुछ ही देर में नहर को पार कर पिंडी चाड़का के खेतों को भी अपनी चपेट में ले लिया, जिससे डेरू राम और वीर सिंह की 16 कनाल, खेरू राम की 12 कनाल, बचन सिंह की 4 कनाल, गोपाल दास की 8 कनाल, बहादुर सिंह की 8 कनाल, दर्शन कुमार की 4 कनाल, काला राम व ज्ञान चंद की डेढ़-डेढ़, मदन लाल की दो कनाल और दर्शन देवी की 2 कनाल गेहूं की सफल आग की भेंट चढ़ गई। सभी पीड़ित किसान पिंडी कैंप और पिंडी चाड़का के हैं। इस घटना में सबसे ज्यादा नुकसान विजय कुमार निवासी नंदपुर को हुआ। उसकी 160 कनाल में लगी फसल राख बन गई।
आग की घटना की सूचना लोगों ने अला चौकी पर फोन कर दी। चौकी प्रभारी रमेश चौधरी ने फौरन अरनिया स्थित दमकल विभाग को सूचित किया। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने आग का विकराल रूप देख कर बिश्नाह से भी एक दमकल को मंगवाया और करीब एक घंटे की मशक्कत से आग पर काबू पाया गया। स्थानीय किसानों और सीमा पर तैनात अर्द्धसैनिक सुरक्षा बल के जवानों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया। हालांकि तब तक कुल 215 कनाल में लगी फसल खाक में मिल चुकी थी।
---------
घौ मन्हासा में भी आग की भेंट चढ़ी फसल
विजयपुर। गांव घौ-मन्हासां में भी गेहूं की फसल आग की भेंट चढ़ी। शनिवार को क्षेत्र के गांव घौ-मन्हासां में पेश आए भीषण अग्नि हादसे में थोडू सिंह की एक एकड़, अंचल सिंह की एक एकड़, रछपाल सिंह की एक एकड़ गेहूं की फसल जल गई। इसके अलावा शाम सिंह की दो कनाल में लगे सफेदे के पेड़ आग से जल गए। स्थानीय सरपंच रामपाल शर्मा ने आग पीड़ित किसानों का हालचाल जाना और सरकार से उन्हें मुआवजा देने की मांग की।
-----------
चक्कमलाल में शार्ट सर्किट से लगी आग
ज्यौड़ियां। खौड़ उपजिले की पंचायत चक्कमलाल के दो किसानों की सात कनाल गेहूं की फसल जलकर कर खाक में मिल गई। किसानों ने काफी मशक्कत से आग पर काबू पाया, वरना नुकसान व्यापक होता। आग लगने का कारण बिजली का शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक खेतों में ट्रांसफार्मर लगा है, जिससे निकली चिंगारी ने फसल को अपनी चपेट में ले लिया और सूरम चंद तथा राम दास की कुल सात कनाल फसल को स्वाहा कर दिया। आग की सूचना तुरंत एसडीएम खौड़ अनिल कुमार ठाकुर ने दी गई। उन्होंने दमकल विभाग की टीम को भेजा। हालांकि जब तक दमकल पहुंचा, तब तक किसानों ने खुद पहल कर आग पर काबू पा लिया था। क्षेत्र के किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि इन दिनों इलाके में एक दमकल की तैनाती की जाए। एसडीएम ने बताया कि खौड़ में जल्द ही दमकलों की तैनाती की जाएगी। खौड़ उपजिले के लिए तीन फायर ब्रिगेड की गाड़ियों की मांग की है जो जल्द पूरी हो जाएगी। ब्यूरो
16 कनाल खड़ी गेहूं की फसल जली
अमर उजाला ब्यूरो
आरएस पुरा। रंगपुर मौलानिया में शनिवार को किसान शाम लाल पुत्र मंगा राम की खेतों में गेहूं की खड़ी चार कनाल गेहूं की फसल जल गई। आग की सूचना मिलने पर दमकल विभाग का दल मौके पर पहुंच कर आग को और फैसने से बचाया।
वहीं पिया टिव्वा में स्पारकिंग के चलते फसल में आग लग गई। यहां सरफा राम की दो कनाल, दर्शन सिंह की चार कनाल, कपूर चंद की दो कनाल, सुभाष चंद्र की दो कनाल और कीमीत लाल की दो कनाल फसल जल गई।