उधमपुर। सुरक्षाबलों के वाहन गुजरने के चलते बुधवार को राजमार्ग पर आम वाहनों के आवागमन पर शाम पांच बजे तक प्रतिबंध रखा गया। इस दौरान घाटी की तरफ जाने वाले ट्रक व यात्री वाहनों को शहर के साथ लगते इलाकों में रोक दिया गया। भद्रवाह, डोडा, रामबन, बटोत की तरफ जाने वाले यात्री भी परेशान रहे।
बुधवार तड़के से ही सुरक्षाबलों के वाहनों का राजमार्ग पर चलना शुरू हो गया था। इसकी वजह से पुलिस ने आम वाहनों के जखैनी से आगे बढ़ने पर प्रतिबंध लगा दिया था। वहीं लोगों को पहले से इसकी सूचना होने से बहुत कम लोग वाहन लेकर जखैनी की तरफ निकले। जखैनी से आगे रहने वाले स्थानीय निवासियों के वाहनों को पुलिस ने नहीं रोका। इनको जाने की अनुमति दे दी गई। वहीं डोडा, भद्रवाह, रामबन की तरफ वाहनों की आवाजाही बंद रहने के कारण यात्री दिन भर परेशान रहे। उधमपुर से एमएच चौक से हर रोज डोडा, किश्तवाड़, भद्रवाह, रामबन, बटोत की तरफ वाहन रवाना होते हैं। बुधवार को भी एमएच चौक पर कई यात्रियों को वाहन चलने का इंतजार करते देखा गया। शाम करीब पांच बजे जब आम वाहनों को आगे बढ़ने की अनुमति मिली तो एमएच चौक से कुछ छोटे यात्री वाहन इन इलाकों की तरफ रवाना हुए। वाहनों के रवाना होने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। वहीं राजमार्ग के साथ जुड़ने वाले लिंक मार्गों पर भी सुबह से लेकर शाम तक सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे। पुलिस ने राजमार्ग के साथ जुड़ने वाले स्थानों पर कर्मियों को तैनात किया था। वहीं घाटी जाने वाले वाहनों को जखैनी, भारत नगर, संगूर, रठियान, गरनई व अन्य कई इलाकों में रोक कर रखा था।
तीन विशेष बसें चलने से मिली थोड़ी राहत
उधमपुर। राष्ट्रीय राजमार्ग पर आम वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहने के दौरान जिला प्रशासन की तरफ से बुधवार को जखैनी के चिनैनी के दोमेल तक तीन बसें चलाई गई, जिसके बाद यात्रियों को थोड़ी राहत जरूर मिली। सबसे ज्यादा राहत सरकारी कर्मचारियों व विद्यार्थियों को मिली।
सुबह ठीक आठ बजे एक बस जखैनी से चिनैनी के दोमेल की तरफ रवाना हुई। वहीं दोमेल से उधमपुर के जखैनी तक बस को रवाना किया गया। सुबह के समय बस में ज्यादातर सरकारी कर्मचारी व विद्यार्थी थे। तीन बसें शाम तक आवाजाही का काम करती रही और इससे उधमपुर के आसपास रहने वाले लोगों ने भी राहत की सांस ली। इन विशेष बसों में अंबिहार, थर्ड, तोलडी नाला, बलीनाला, समरोली, चंपयाड़ी के लोगों को भी राहत मिली। इन विशेष बसों में इन इलाकों में रहने वाले यात्रियों ने भी सफर किया। हालांकि बसों में दोपहर के समय काफी भीड़ नजर आई और एक समय लगने लगा कि बसें कम हो गई हैं।