राजोरी। जिला अस्पताल के साथ ही उप जिला अस्पतालों, पीएचसी और सीएचसी में डॉक्टरों व अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की हाजिरी जांचने और मरीजों को मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी हासिल करने के मकसद से डीसी के निर्देश पर आधी रात को औचक छापेमारी की गई। डीसी राजोरी मोहम्मद एजाज असद स्वयं मंगलवार की रात करीब साढ़े 11 बजे जिला अस्पताल पहुंचे थे। उनके साथ राजस्व अधिकारियों और फील्ड स्टाफ भी मौजूद था।
डीसी ने जिला अस्पताल में इमरजेंसी, स्त्री रोग, सर्जिकल, मेडिकल और बाल चिकित्सा वार्ड और सिक न्यू बार्न केयर यूनिट का दौरा किया। डीसी ने वार्डों में भर्ती मरीजों से बातचीत की और उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं के बारे जानकारी प्राप्त की। डीसी ने जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डा महमूद को निर्देश देते हुए कहा कि जनता की सुविधा के लिए प्रत्येक वार्ड के बाहर ड्यूटी रोस्टर को रखा जाए। राजस्व अधिकारियों की टीमों ने भी आधी रात को सुंदरबनी, नौशेरा के उप जिला अस्पतालों, कालाकोट, कोटरंका, थन्नामंडी और दरहाल स्थित कम्युनिटी हेल्थ सेंटरों और शाहदरा शरीफ, बगला, लाह, बुद्धल , चटयाड़, लंबेड़ी , सियोट, त्रियाठ, दलहोड़ी, गंभीर मुगलां, लड़ोका और मोगला स्थित 2437 पीएचसी का औचक दौरा किया। राजस्व अधिकारियों ने पाया कि शाहदरा शरीफ, बगला, लाह और लड़ोका स्थित पीएचसी में ताले लटक रहे हैं। डीसी ने बंद पीएचसी के सभी कर्मचारियों के वेतन पर रोक लगाने और गैर हाजिर डॉक्टरों व अन्य स्टाफ के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए।