उधमपुर। अमरनाथ यात्रियों के शहर की सीमा से गुजरने के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने घाटी जाने वाले ट्रकों को उधमपुर के विभिन्न क्षेत्रों में रोके रखा। अमरनाथ यात्रियों के वाहनों के गुजर जाने के बाद पुलिस ने रोके गए वाहनों को घाटी की तरफ रवाना किया। इस दौरान ट्रकों की लंबी कतार शहर के आसपास के इलाकों में लगी रही।
अमरनाथ यात्रा के पहले जत्थे के रवाना होने को लेकर पुलिस ने मंगलवार देर रात को ही ट्रकों के घाटी की तरफ बढ़ने पर प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बाद जखैनी, संगूर, बट्टलवालियां, रठियान व शहर के विभिन्न हिस्सों में ट्रकों की लंबी कतार लग गई थी। बुधवार को जब अमरनाथ यात्रियों के वाहन रामबन जिले की सीमा को पार कर घाटी की तरफ निकल गए, तब पुलिस ने दोपहर 12 बजे के बाद रोके गए ट्रकों को आगे बढ़ने दिया। इसके बाद ट्रक चालकों ने राहत की सांस ली। पुलिस के मुताबिक अब हर रोज इसी तरह से ट्रक रोके जाएंगे। जब अमरनाथ यात्रियों के वाहन रामबन की सीमा को पार कर जाएंगे, तो उन्हें छोड़ा जाएगा। यह निर्णय यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए लिया गया है, क्योंकि ज्यादातर ट्रकों के कारण ही राजमार्ग पर जाम लगता है।