सरकारी हायर सेकेंडरी स्कूल झिड़ी में 11वीं के परीक्षा परिणाम को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। 11वीं के परीक्षा परिणाम में स्कूल ने 174 में से 100 विद्यार्थियों को फेल कर दिया है, जबकि फेल किए गए विद्यार्थी स्कूल शिक्षकों पर आरोप लगा रहे हैं कि शिक्षकों के पास ट्यूशन न पढ़ने के कारण ही उनको जानबूझ कर फेल किया गया है। मंगलवार को कुछ विद्यार्थी अपनी परेशानी लेकर शिक्षा निदेशक जम्मू यशा मुद्गल के पास पहुंचे।
शिक्षा निदेशक कार्यालय पहुंचे वंदना शर्मा, रिया शर्मा, सुरेश, शुभम शर्मा, प्रिया और अन्य कई विद्यार्थियों ने बताया कि 15 मई को स्कूल की तरफ से 11वीं का रिजल्ट निकाला गया था। स्कूल के प्रबंधकों ने 174 में से 100 विद्यार्थियों को फेल कर दिया, जबकि सभी विद्यार्थियों ने अपनी परीक्षा सही तरह से दी थी। उनको पूरी उम्मीद थी कि वे पास हो जाएंगे, लेकिन ऐसा हुआ नहीं हुआ।
उन्होंने बताया कि सेशन के दौरान अक्सर उनको ट्यूशन पढ़ने के लिए दबाव बनाया करते थे, लेकिन उन्होंने ट्यूशन नहीं पढ़ी और इसलिए जानबूझ कर उनको फेल कर दिया गया। उन्होंने बताया कि 16 मई से दोबारा पेपरों की चेकिंग करवाने की मांग को लेकर विद्यार्थी प्रदर्शन कर रहे हैं। कुछ दिन पहले शिक्षा निदेशक जम्मू के कार्यालय से एक टीम जांच के लिए स्कूल पहुंची थी।
तैयार की गई रिपोर्ट उनके हक में थी, लेकिन अचानक इसको बदल दिया गया। सोमवार को पीएचई मंत्री सुखनंदन भी उनके पास स्कूल में पहुंचे थे। उन्होंने भी शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की परेशानी को हल किया जाए, लेकिन इस पर अधिकारियों ने कोई कदम नहीं उठाए। आज परेशान होकर सभी शिक्षा निदेशक के पास पहुंचे हैं। शिक्षा निदेशक यशा मुद्गल ने आश्वासन दिया कि दस दिन के अंदर इस परेशानी को हल करने का प्रयास करेंगी।