मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने कहा है कि सरकार श्रीनगर के पुराने शहर को धार्मिक एवं हेरिटेज स्थल बनाने के लिए टूरिज्म सेक्टर में उन्नत ढांचे को विकसित करेगा। जिससे शहर ए खास प्रमोट होगा।
सरकार ने इसके लिए एक व्यापक योजना का प्रस्ताव भी तैयार कर लिया है। प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए 80 हजार करोड़ के पैकेज में से 100 करोड़ शहर-ए-खास के विकास पर खर्च होंगे। इसमें बुनियादी ढांचे पर जोर दिया जाएगा।
मंगलवार को महबूबा ने पुराने शहर के मखदूम साहिब, नोहाता, काठीदरवाजा, छठी पातशाही, बाबदेंब और खनयार का दौरा किया। शहर ए खास के टूरिज्म प्रमोशन प्रोग्राम के तहत पार्क, पार्किंग एरिया, हेरीटेज साइट, गेस्ट हाउस, रेस्तरां, पुस्तकालय आदि विकसित होंगे, ताकि पर्यटक इसकी ओर आकर्षित हो सकें।
मखदूम साहिब में पहुंची महबूबा ने गंदगी देखकर प्रशासन को फटकार भी लगाई। इसके आसपास अवैध ढांचों को हटाने के लिए प्लान बनाने के लिए भी कहा। वक्फ बोर्ड को श्राइन की खराब हालत को जमकर फटकार लगाई। महबूबा ने हरी पर्वत, शारिका देवी मंदिर, गुरुद्वारा छठी पातशाही का दौरा कर सुविधाओं का जायजा लिया।