साब्जियां सेक्टर में पाकिस्तान ने सोमवार को दूसरे दिन भी गोले बरसाए। इसमें अब्दुल हमीद (26) पुत्र कमाल दीन निवासी कीरनी की मौत हो गई। गोलाबारी में सात ग्रामीण घायल भी हुए हैं।
गंभीर रूप से घायल अब्दुल रशीद पुत्र अब्दुल अजीज निवासी डुन्नूगाम को गोलाबारी के बीच उप जिला अस्पताल मंडी में लाया गया है। पाकिस्तानी सेना ने भारतीय सैन्य चौकियों समेत गगड़ियां, गली, मैदान, उड़ीपुरा, छोल, बराड़ी आदि गांवों को भी निशाना बनाकर गोलाबारी की है। मोर्टार के शेल दीवारों और दरवाजों में जा धंसे हैं।
देर शाम तक गोलाबारी जारी थी। साब्जियां क्षेत्र में पाकिस्तान ने रविवार रात 11.40 बजे से 2 बजे तक गोलाबारी की थी। सोमवार की सुबह करीब 6 बजे से पाकिस्तानी सेना ने फिर से रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर गोलाबारी शुरू कर दी।