जम्मू-कश्मीर में पवित्र अमरनाथ गुफा की 59 दिवसीय वार्षिक यात्रा के लिए अबतक करीब डेढ़ लाख श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है। यह यात्रा अगले महीने से शुरू होगी।
श्राइन बोर्ड के एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया, 'शनिवार तक अमरनाथ यात्रा के लिए डेढ़ लाख लोगों ने पंजीकरण कराया है। यह यात्रा दो जुलाई से शुरू होगी और 19 अगस्त को खत्म होगी।'
प्रवक्ता ने बताया कि कश्मीर के संभागीय आयुक्त असगर समून की अध्यक्षता में शनिवार शाम हुई बैठक में नागरिक प्रशासन, सेना, अर्धसैनिक बल और पुलिस के आला अधिकारियों ने शिरकत की। यह बैठक आगामी यात्रा के लिए किए जा रहे इंतजामों की समीक्षा के लिए बुलाई गई थी।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक दिन 7,500 यात्रियों को यात्रा के लिए अनुमति दी जाएगी।प्रवक्ता ने कहा कि बैठक के दौरान यह जानकारी दी गई कि यात्रियों के लिए यात्रा के दोनों मार्गों पर पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
इसमें अनंतनाग जिले में पारंपरिक 45 किलोमीटर लंबा पहलगाम गुफा मार्ग और गंदेरबल जिले में 16 किलोमीटर का छोटा बालटाल मार्ग शामिल है।