तहसील मुख्यालय से सटे धमलाड और न्याली के मध्य बिहानी दरिया में बाढ़ से एक युवक की जान पर बन आई। गद्दी समुदाय के युवक को घंटों मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
गद्दी समुदाय के कुनबे के एक सदस्य अब्दुल रशीद ने बताया कि उनके परिवार के पांच सदस्य मवेशियाें के साथ बिहानी दरिया में गए थे। रविवार शाम को चार सदस्य मवेशियों के साथ दरिया से बाहर आ गए। अस्थाई डेरे पर घर के एक सदस्य को वहीं छोड़ आए।
लेकिन इसके बाद दरिया में बाढ़ आ गई। नतीजतन शकफत अली निवासी गंदोह वहीं पर फंस गया। सोमवार को जब पानी लगातार बढ़ने लगा तो उन्होंने स्थानीय लोगों और पुलिस को इत्तला दी। एसडीपीओ जगदेव सिंह, थाना प्रभारी राकेश और पुलिस चौकी प्रभारी संसार सिंह भी मौके पर पहुंच गए।
आखिरकार स्थानीय तैराक मुल्खराज और कृष्णचंद ने दरिया को लांघकर युवक को सुरक्षित बाहर लाने में कामयाबी हासिल कर ली।