जिला के दियानी क्षेत्र में शुक्रवार की शाम को हाईवे पार करते समय एक ट्रक की टक्कर से मां की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बेटे को गम्भीर हालत में जम्मू रेफर कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम शकुंतला देवी पत्नी स्वर्गीय रघुपत निवासी दियानी ने बेटे जैमल कुमार के साथ हाईवे पार करने की कोशिश की तो सामने से तेज गति से चल रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी जिससे दोनों मां बेेटा मार्ग पर गिर पड़े।
इसके बाद ट्रक चालक वाहन को भगा कर ले गया। इस पर स्थानीय लोगों ने दोनों को उठा कर जिला अस्पताल पहुंचाया वहां शकुंतला को डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया जबकि घायल जैमल कुमार को जम्मू रेफर कर दिया गया।
उधर, दियानी के लोगों ने घघवाल पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने हाईवे पर नाका लगाकर ट्रक को पकड़ लिया। वहीं चालक मदन लाल निवासी कूटा को हिरास्त में ले लिया है।
इसी बीच क्षेत्र के युवक भी ट्रक का पीछा करते घघवाल पहुंच गए और उन्होंने ट्रक के शीशे तोड़ दिए। गुस्साए युवक ट्रक को जलाने का प्रयास करने लगे।
इसी बीच पुलिस थाना प्रभारी संजीब चिब पुलिस जवानों के साथ मौके पर पहुंचे व लोगों को शांत कर ट्रक एवंेेे चालक को थाना पहुंचाया। सांबा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।