शनिवार को बिजली गिरने से जंडियाल मोहल्ले का ट्रांसफार्मर जल गया। इससे नगर के कई मोहल्लों में बिजली गुल हो गई है। प्रभावित मोहल्ले के लोगों ने बिजली विभाग से फौरन नया ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
सुुकराला मार्ग किशनपुर मोड़ पर लगा ट्रांसफार्मर पिछले तीन हफ्तों में तीन बार बदला जा चुका है। पांच-छह बार उसकी मरम्मत भी की जा चुकी है, लेकिन बार-बार यह ट्रांसफार्मर जल जाता है या फिर को फाल्ट आ जाता है।
इस समस्या के चलते शिव मंदिर मोहल्ले के अलावा, मुख्य बाजार, खजूरिया मोहल्ला, कश्यप राजपूत मोहल्ला के अलावा गायत्री मंदिर मोहल्ले में पिछले तीन हफ्तों से बिजली संकट बना हुआ है। यहां के लोग कई बार बिजली विभाग के विरुद्ध प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन समस्या खत्म होने का नाम नहीं ले रही है।
वर्तमान में लगाया गया ट्रांसफार्मर भी सही ढंग से काम नहीं कर रहा है। अधिक वोल्टेज देने की वजह से हर समय उपकरण जलने और कोई हादसा होने का डर बना हुआ है।
वहीं, शनिवार को बिजली गिरने से जंडियाल मोहल्ले का ट्रांसफार्मर भी जल गया। इससे पुलिस स्टेशन से नीचे के भाग में बिजली गुल हो गई है। प्रभावित मोहल्ले के लोगों ने बिजली विभाग से फौरन ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली सप्लाई बहाल करने की मांग की है।