शहर के कालीबड़ी चौक पर गड्ढे एक बार फिर हादसे का कारण बन गए। वीरवार की देर रात इन गड्ढों में उलझकर एक कार पलट गई। राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस हादसे में चार लोग जख्मी हो गए।
पुलिस के अनुसार रमन कुमार (21), सुरेश कुमार (19), नरेश कुमार (32) और उनकी पत्नी रितु सभी निवासी घग्वाल कार (जेके21ए-7496) से देर रात को किसी काम से हटली मोड़ की ओर जा रहे थे। कालीबड़ी चौक पहुंचने पर कार गड्ढों में पलट गई।
कार के पलटने से उसकी छत दब गई, जिससे सभी सवार घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सभी को शुक्रवार को तड़के सुबह छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
कालीबड़ी चौक पर बढ़ते हादसों के कारण स्थानीय लोगों में रोष बढ़ गया है। लोगों का कहना है कि जिला प्रशासन गड्ढों को भरने की ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
इसके कारण हादसों की संख्या बढ़ती जा रही है। लोगों ने कहा कि जिला प्रशासन को कई बार अवगत करवाया गया, लेकिन न तो प्रशासन ने और न ही विभाग ने इस ओर ध्यान दिया है। इसका खामियाजा लोग भुगत रहे हैं।