उधमपुर। नगर के सुभाष स्टेडियम में अंडर 19 ब्वॉयज वर्ग में खो-खो, वॉलीबाल, कुश्ती और कबड्डी के लिए जिला स्तरीय इंटर जोनल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की तरफ से जिला खेल अधिकारी सरदार स्वर्ण सिंह की देखरेख में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिला के विभिन्न 11 जोन के 750 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। इनमें वॉलीबाल के लिए 34, कबड्डी के लिए 31, खो-खो के लिए 11 और कुश्ती के लिए 37 टीमें शामिल हैं।
वहीं खेले गए कबड्डी वर्ग के मुकाबलों में एपीएस उधमपुर ने गवर्नमेंट हायर सेकेंडरी स्कूल कुद को 10-9 से हराया। हायर सेकेंडरी स्कूल सुद्धमहादेव ने एचएसएस रामनगर को 13-9 से हराया तथा एचएसएस गढ़ी ने निटल एचएसएस उधमपुर को 21-19 से हराया और हैप्पी मॉडल ने एओसी को 22-7 से हराया। वहीं खो-खो वर्ग में कुल दस मैच खेले गए। इसके पहले सेमीफाइनल में एचएसएस गढ़ी ने जीएचएसएस बट्टल बालियां को 1 अंक से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में एचएसएस सियुना ने हैप्पी मॉडल स्कूल को 7 अंकों से हराया। वहीं खो-खो के फाइनल मुकाबले में एचएसएस सियुना ने एचएसएस गढ़ी को 12 अंकों से हराकर शानदार जीत हासिल की।
इसी तरह वॉलीबाल के मुकाबलों में एचएसएस लाटी ने एचएसएस धनास को 2-0 से हराया तथा एचएसएस सुद्धमहादेव ने एचएसएस गढ़ सामना बंज को 2-1 से हराया। कुश्ती वर्ग में कुल 29 मैच खेले गए। इसके फाइनल में आर्मी पब्लिक स्कूल उधमपुर के जसवीर सिंह 50-59 किग्रा वर्ग में विजेता रहे और 64-67 किग्रा वर्ग मुकाबले में एचएसएस गढ़ी के कनिश सिंह ने जीत हासिल की। इस मौके पर उधमपुर कबड्डी एमेच्योर एसोसिएशन के महासचिव एवं जम्मू-कश्मीर कबड्डी एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अशोक कुमार मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।