जुलाई 2024 से होगा प्रभावी, छह माह के एरियर का फरवरी में होगा भुगतान
जम्मू। नए साल में चार लाख से अधिक सरकारी कर्मचारियों, पेंशनर और पारिवारिक पेंशन धारकों को तीन प्रतिशत महंगाई भत्ता (डीए) का तोहफा मिला है। यह एक जुलाई 2024 से प्रभावी माना जाएगा।
इसमें जुलाई से दिसंबर 2024 के छह माह के एरियर का फरवरी 2025 में भुगतान नकद किया जाएगा और आगे का जनवरी से मासिक वेतन/पेंशन में भुगतान होगा। इस आदेश के बाद मूल वेतन और पेंशन पर 50 प्रतिशत से बढ़कर 53 प्रतिशत हो गया है। हाल ही में हुई जम्मू कश्मीर सरकार की कैबिनेट बैठक में 3 प्रतिशत डीए को मंजूरी दी गई थी।
वित्त विभाग के प्रधान सचिव संतोष डी वैद्य की ओर से जारी आदेश में सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों के बाद कर्मचारियों और पेंशनधारकों का डीए बढ़ाया गया है। इसमें मूल वेतन में डीए में संशोधन किया गया है।
छह माह के एरियर के एक साथ भुगतान से कर्मचारियों के साथ पेंशनधारकों को वित्तीय लाभ मिलेगा। इसमें रोजगार/पुनः रोजगार और एक से अधिक पेंशन मामलों में तय प्रावधान के तहत डीए का भुगतान किया जाएगा। डीए के लिए निर्धारित नियमों का पालन किया जाएगा।