जिले की पूर्व डीसी इंदु कंवल चिब के कार्यकाल में किया गया है निर्माण
संवाद न्यूज एजेंसी
पौनी। आत्मनिर्भर भारत योजना के तहत कोठियां पंचायत में डोगरा हट बनी है। इसमें 100 महिलाएं रोजगार कर रहीं हैं।
कोठियां पंचायत की पूर्व सरपंच नीलम शर्मा ने बताया कि जिले की पूर्व डीसी इंदु कंवल चिब के कार्यकाल में कोठियां में सरकार ने डोगरा हट बनाई थी। इसमें स्थानीय महिलाओं के साथ पंचायत की कई अन्य महिलाएं स्वरोजगार कर अपनी आय बढ़ा रहीं हैं।
इसके लिए महिलाओं के 10 स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) बनाए गए हैं। हर समूह में 10 महिलाएं जुड़ी हैं। इस प्रकार 100 से ज्यादा महिलाएं अपना खुद का रोजगार कमा रहीं हैं। पौनी-शिवखोड़ी मार्ग पर बने डोगरा हट पर शिवखोड़ी आने-जाने वाले ज्यादातर श्रद्धालु पहुंचते हैं।
इस हट में ग्राहकों को शुद्ध देसी मक्की की रोटी, साग, लस्सी, दही के साथ अन्य देसी खाद्य वस्तुएं परोसी जाती हैं। ग्राहक भी बड़े चाव से इन व्यंजनों को पसंद करते हैं। काम करने वाली महिलाओं को इसका भरपूर फायदा पहुंच रहा है।
वहां काम करने वाली नेहा देवी, शशी देवी, गीता देवी, सीमा देवी ने उन्हें स्वावलंबी बनाने के लिए सरकार का आभार जताया। पूर्व सरपंच नीलम शर्मा ने बताया कि जो भी ग्रुप का पैसा इकट्ठा होता है। इसमें से पांच प्रतिशत पंचायत और पांच प्रतिशत डोगरा हट के लिए जाता है ताकि अगर किसी चीज की मरम्मत करनी हो तो खुद के पैसों से इसकी देखरेख के लिए पैसा लगाया जाता है।
उन्होंने कहा कि लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा ने जनता की आवाज कार्यक्रम में भी इस हट का जिक्र किया। उन्हें जम्मू में सम्मानित भी किया गया है। इसके लिए डीसी रियासी का काफी सहयोग रहा है।