चिनैनी। नववर्ष की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को पर्यटन विभाग और पटनीटॉप विकास प्राधिकरण ने पटनीटॉप में विंटर कार्निवाल का आयोजन कराया। इसमें विभिन्न राज्यों से पहुंचे पर्यटकों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में आकर्षण का केंद्र लखविंदर बड़ाली ने शानदार प्रस्तुति देकर सभी दर्शकों को अपने गीतों पर झूमने को मजबूर कर दिया। उनके संगीत व गायन से हर कोई मंत्रमुग्ध नजर आया। इसके साथ जम्मू-कश्मीर के कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति देकर समा बांधा। इस अवसर पर डीसी रामबन मुसरत उल रहमान विशेष तौर पर मौजूद थे।
पीडीए की तरफ से दो दिवसीय विंटर कार्निवाल की शुरूआत शुक्रवार शाम करीब छह बजे हुई। सबसे पहले जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध गायक महेंद्र सोनी ने अपनी गायकी का जादू बिखेरा। उनकी आवाज सुनकर पर्यटक खूब झूमे। इनके बाद डोगरी लोक गायक राम दित्ता ने समा बांधा। उन्होंने डोगरी गानों के साथ नृत्य भी पेश किया और पर्यटकों ने भी इसको बहुत पसंद किया। एक के बाद एक कई गाने और नृत्य का दर्शकों ने पूरा आनंद लिया।
इसके बाद लखविंदर बड़ाली ने माहौल बनाया। सबसे पहले उन्होंने मेरे रश्के कमर तेरी पहली नजर गीत गाया। इसके बाद निगाह मारदी आई वे मेरा लौंग गवाजा का गायन किया। इसके शुरू होते ही दर्शक खड़े होकर तालियां और सीटियां बजाने लगे। इसके बाद एक के बाद एक पंजाबी गीतों से उन्होंने पर्यटकों में उत्साह बनाए रखा। तू माने या न माने दिलदारा गीत जब शुरू हुआ तो दर्शकों ने कुर्सियों से खड़े होकर तालियां बजाईं। सरकार की गाइड लाइन के अनुसार रात करीब 10 बजे कार्यक्रम संपन्न कर दिया गया। शनिवार को दोपहर करीब दो बजे कार्यक्रम की शुरूआत की दी जाएगी। इस अवसर पर एसएसपी रामबन मोहिता शर्मा, एएसपी उधमपुर अनवर उल हक व अन्य मौजूद थे।
----
मुझे दूसरी बार पटनीटॉप आकर बहुत खुशी हो रही है। मैं करीब पांच वर्ष पहले पटनीटॉप आया था। आज के समय में पटनीटॉप में बहुत बदलाव आया है। अब पटनीटॉप को पर्यटन स्थल के रूप में पूरे देश में जाना जाने लगा है।
- लखविंदर बड़ाली, गायक
-----
पर्यटकों ने डोगरी व्यंजनों का लिया आनंद
पीडीए की तरफ से पर्यटकों के लिए डोगरी व्यंजनों के स्टॉल लगाए गए थे। पर्यटन विभाग की तरफ से विंटर कार्निवाल में पर्यटकों का मनोरंजन करने के साथ डोगरी व्यंजन परोसने का भी पूरा प्रबंध किया गया था। इसमें पर्यटकों को कई तरह के डोगरी व्यंजन खिलाए गए। पर्यटकों ने भी इनका पूरा आनंद उठाया।
विंटर कार्निवल कार्यक्रम में प्रस्तुति पेश करते कलाकार कार्यक्रम में भाग लेते हुए अतिथि गण तथा ?- फोटो : UDHAMPUR
विंटर कार्निवल कार्यक्रम में प्रस्तुति पेश करते कलाकार कार्यक्रम में भाग लेते हुए अतिथि गण तथा ?- फोटो : UDHAMPUR
विंटर कार्निवल कार्यक्रम में प्रस्तुति पेश करते कलाकार कार्यक्रम में भाग लेते हुए अतिथि गण तथा ?- फोटो : UDHAMPUR