- कटड़ा से भाजपा विधायक ने लोकभवन जम्मू में अमित शाह से की मुलाकात
कटड़ा। विधायक बलदेव राज शर्मा ने लोकभवन जम्मू में आयोजित भाजपा विधायकों की बैठक के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के समक्ष जनभावनाओं से जुड़ा मुद्दा उठाया। विधायक ने पवित्र तीर्थस्थल माता वैष्णो देवी की गरिमा और धार्मिक मर्यादा बनाने के लिए विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत भागा और रियासी में संचालित शराब की दुकानों को तत्काल बंद करने की मांग की।
विधायक ने गृहमंत्री को अवगत कराया कि मां वैष्णो देवी का दरबार देश ही नहीं, बल्कि विश्वभर के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। ऐसे पवित्र स्थल में शराब की दुकानों का संचालन धार्मिक भावनाओं को आहत करता है जिससे तीर्थ की पवित्रता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। यह मुद्दा केवल स्थानीय नहीं बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि धर्मनगरी की पवित्रता और सांस्कृतिक गरिमा की रक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। विधानसभा क्षेत्र में किसी भी प्रकार की नशा सामग्री की बिक्री स्वीकार्य नहीं है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बात को गंभीरता से सुना और उचित स्तर पर विचार का आश्वासन दिया। विधायक बलदेव राज शर्मा ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगी।