भाजपा ने झूठे वायदे कर देश की जनता को गुमराह करने की मुहिम चलाई। उस मुहिम के बाद अब केंद्र सरकार 18 माह में ही जनता का विश्वास खो चुकी है। महंगाई आसमान छू रही है। 56 इंच सीने वाले पीएम बिना बुलाए पाकिस्तान चले गए।
उसके बदले में नए साल पर पाकिस्तान ने पठानकोट में बड़े आतंकी हमले का तोहफा दिया। यह बातें सोमवार को चिनैनी के मुख्य बस स्टैंड पर रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीए मीर ने कही।
मीर ने भाजपा और पीडीपी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि चुनाव से पहले दोनों पार्टियां एक-दूसरे पर बसरते थे। बाद में इन्हीं दोनों पार्टियों ने जनता के धोखा किया। रियासत में सरकार दिखती ही नहीं है।
सरकार वेंटीलेटर पर है। उन्होंने कहा कि 70 साल में देश की काफी तरक्की कांग्रेस ने करवाई थी, लेकिन भाजपा, विश्व हिंदू परिषद, आरएसएस ने झूठ का बिगुल बजाकर लोगों को गुमराह किया। आज महंगाई आसमान छू रही है।
अच्छे दिन के वादे करने की बात हवा हो गई। 15 लाख रुपये हर जनता के बैंक खाते की में डालने की बात करने वाली केंद्र सरकार जनता को एक पैसे नहीं दे पाई है। मीर ने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी ने रिजर्वेशन पालिसी एक्ट पास किया था, लेकिन मौजूदा गठबंधन सरकार ने कोर्ट के माध्यम से रिजर्वेशन पालिसी को खत्म कर दिया।
उन्होंने पठानकोट हमले की निंदा करते हुए कहा कि पीएम ने पहले देश को पड़ोसी मुल्क और पिछली सरकारों के खिलाफ उकसाया। भारत-पाकिस्तान बातचीत पर कहा कि इसमें खलल नहीं पड़नी चाहिए। क्योंकि बातचीत के अलावा मसले सुलझाने के लिए और कोई रास्ता नहीं है।
अच्छे दिन नहीं पुराने दिन वापस ला दो
पूर्व मंत्री शाम लाल शर्मा ने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि अच्छे नहीं पुराने दिन ही वापस ला दो। कांग्रेस की सरकार में दालों के रेट 50 रुपये से भी कम थे, मगर अब सौ रुपये किलो से ज्यादा दालों की कीमतें हैं। सरकारी राशन लोगों को नहीं मिल रहा। अस्पताल में डाक्टर की कमी है।
विंटर डिग्री कालेज नहीं खुल सका जोकि उनकी सरकार में मंजूर हो चुका था। उन्होंने लोगों से पंचायत और म्युनसिपल कमेटी के चुनावों में कांग्रेस को मजबूत बनाने की अपील की। पूर्व विधायक कृष्ण चंद्र भगत ने भी केंद्र और राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया।