बारिश के बाद शहर की सड़कों के गड्ढों में जमा हुआ पानी, जिसके कारण शहरवासी दिन भर परेशान हुए।
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। रात से सुबह तक रुक रुक होने वाली झमाझम बारिश के बाद शहरवासियों को कई दिनों के बाद उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। हालांकि की बारिश के दौरान शहर के विभिन्न हिस्सों में जलभराव हुआ और सुबह होने पर शहरवासियों को इसके कारण परेशान होना पड़ा।
वीरवार रात करीब दस बजे मौसम का मिजाज बदला और हल्की बारिश शुरू हो गई। कुछ समय के बाद बारिश तेज हो गई। इसके बाद पूरी रात रुक रुक कर बारिश होती रही। शुक्रवार सुबह भी बारिश जारी थी और बारिश के बाद मौसम सुहावना था। सुबह उमस बिल्कुल भी महसूस नहीं हुई। सुबह करीब 11 बजे तक शहर व ग्रामीण इलाकों में रुक रुक कर बारिश होती रही। बारिश के बाद शहर की ज्यादातर सड़कें पानी से भर चुकी थी। गड्ढों में जमा पानी ने तो परेशानी को दुगना कर दिया था। गड्ढों में जमा पानी के कारण शहरवासियों को दिन भर परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई दोपहिया वाहन दुर्घटना का शिकार होते होते बचे। शहर के विभिन्न हिस्सों में सफाई व्यवस्था भी चरमराई रही, क्योंकि बारिश के बाद नाले व नालियों से गंदगी सड़कों पर पहुंच गई थी। दोपहर करीब 12 मौसम साफ होने के बाद तेज धूप भी निकल आई, लेकिन शहरवासियों को फिर भी गर्मी से राहत महसूस हुई। शाम के समय सूरज ढलने के बाद मौसम पूूरी तरह से सुहावना हो गया और शहरवासियों ने इसका पूरा आनंद उठाया। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 31.3 और न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री सेलिसयस रिकार्ड किया गया है। शनिवार को भी मौसम के खराब रहने की संभावना है।