उधमपुर: आदर्श कॉलोनी वार्ड नंबर 3 में लीक हो रहे पानी में नहाते और कपडे धोते बच्चे बच्चे
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। जिले में पानी को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। लेकिन, नगर के आदर्श कॉलोनी इलाके लीक हो रहे पानी की ओर किसी का ध्यान ही नहीं जा रहा। हर रोज सैकड़ों लीटर साफ पानी नालियों में बह जाता है। जल शक्ति विभाग इसको देखकर भी कार्रवाई नहीं कर रहा।
बुधवार को आदर्श कॉलोनी चौक पर हो रही पानी की बर्बादी में कुछ बच्चों को वहां नहाते और कपडे़ धोते देखा गया। बच्चे काफी देर तक बेकार बह रहे पानी में मस्ती करते रहे। उनका कहना था कि घर में न तो बिजली है, और न पानी। सड़क पर मिल रहे पानी में ही नहाकर गर्मी से राहत पाने का प्रयास कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना था कि भीषण गर्मी में शहर व गांव में लोग पानी की किल्लत से जूझ रहे हैं। लेकिन, दूसरी तरफ जिला मुख्यालय के आदर्श कॉलोनी इलाके में रोजाना सैकड़ों लीटर पानी लीक होकर नालियों में बह रहा है। पार्षद को इस बारे सूचित किया गया था। बाद में उन्होंने अन्य पार्षदों के साथ जल शक्ति विभाग को भी अवगत करवाया। इसके बावजूद विभाग ने लीकेज को रोकने के लिए कोई कार्रवाई नहीं की। प्रशासन को इस पर संज्ञान लेना चाहिए।