उधमपुर। जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूरी पर स्थित जगानू इलाके में बुधवार को ब्लाक दिवस के तहत कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें डीसी कृतिका ज्योत्सना ने ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों की समस्याओं और मांगों को सुना। मौके पर मौजूद विभिन्न विभाग के अधिकारियों को समस्याओं का समाधान निकालने के लिए दिशा निर्देश जारी किए।
जगानू ब्लाक व आसपास की पंचायतों के आम लोगों ने अपने मुद्दों और मांगों को रखा, जिसमें स्थानीय सड़कों की मरम्मत करने, संसू-बरमीन सड़क के 300 मीटर के हिस्से की हालत को सुधारने, सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय जगानू में बुनियादी ढांचे में सुधार और सुविधाओं में बढ़ोतरी करने, जल जीवन मिशन के तहत विकास कार्य पूरा करने की मांग की। साथ ही सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी, सरकारी स्कूलों को अपग्रेड करने, सरकारी योजनाओं के लिए दी गई भूमि का मुआवजा जारी करने, जलभराव की समस्याओं का समाधान, स्थानीय सड़कों पर तारकोल डालने, कई महीनों से खराब पड़े हैंडपंप की मरम्मत, विभिन्न विभागों में कार्यरत अस्थायी कर्मचारियों को स्थायी करने की मांग की। वहीं, तरमारा से पल्लन तक सड़क का निर्माण करने, ज्यादा क्षमता के ट्रांसफार्मर लगाने, नियमित पेयजल आपूर्ति, हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी स्कूल में अपग्रेड करना, पीएचसी जगानू में डॉक्टर की नियुक्ति करना, पार्किंग जोन की स्थापना, मनरेगा के तहत किए गए काम की राशि जारी करने, पेयजल सप्लाई में वृद्धि पानी, निर्बाध बिजली आपूर्ति व अन्य कई तरह की समस्याओं व मांगों को रखा।
डीसी ने पंचायती राज संस्थाओं की मांगों एवं मुद्दों पर प्रतिक्रिया देते हुए मौके पर ही अधिकारियों को इन मुद्दों को प्राथमिकता से देखने के निर्देश दिए। डीडीसी के निर्देश पर संबंधित विभागों के अधिकारियों ने कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी वास्तविक मांगों की जांच की जाएगी और जल्द से जल्द उनका समाधान किया जाएगा। डीसी ने ब्लाक दिवस में भाग लेने के लिए पंचायती राज प्रतिनिधियों का धन्यवाद दिया। उन्होंने ने जनता से बातचीत करते हुए कहा कि इस तरह के प्लेटफॉर्म से जिला प्रशासन को लोगों की समस्याओं का पता चलता है। उन्होंने अधिकारियों को भारत सरकार और केंद्र शासित प्रदेश सरकार द्वारा शुरू की गई आय सृजन और लाभार्थी उन्मुख योजनाओं के बारे में लोगों को सूचित करने के लिए कहा। डीसी ने कहा कि सभी अधिकारियों को छोटी समस्याओं का सप्ताह के अंदर समाधान निकालने के निर्देश दिए हैं और कुछ मांगे व समस्याएं ऐसी है, जिनका समाधान निकालने में थोड़ा समय लगेगा। इसके लिए अधिकारियों को समय निर्धारित कर जवाब देने को कहा गया है। आज के कार्यक्रम में ज्यादातर लोगों ने पानी की किल्लत व सड़कों की हालत सुधारने की मांग को ही रखा है। अगले सप्ताह वह टिकरी ब्लाक में कार्यक्रम का आयोजन कर लोगों की समस्याओं को सुनेंगी। इसके बाद वह उधमपुर, टिकरी और जगानू ब्लाक की एक साथ बैठक कर तीनों ब्लाक से संबंधित समस्याओं को लेकर चर्चा करेंगी। कार्यक्रम में बीडीसी अध्यक्ष संजीत कुमार, डीडीसी पार्षद प्रक्षित सिंह मौजूद थे।