भद्रवाह। राष्ट्रीय राइफल्स और वॉर विडो एसोसिएशन की ओर से वीरवार को एक कार्यक्रम हुआ। इसमें डोडा और किश्तवाड़ जिले की वीर नारियों और वीर माताओं को सम्मानित किया गया।
भद्रवाह के कम्यूनिटी हॉल कोटली में हुए कार्यक्रम में वार विधवा एसोसिएशन की अध्यक्ष दमयंती वी तांबे बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहीं। उन्होंने जिला डोडा व किश्तवाड़ की 35 वीरांगनाओं को उपहार के साथ दस हजार रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित किया। इसके अलावा सैन्य डॉक्टरों ने वीर नारियों और उनके परिजनों को नि: शुल्क चिकित्सा परामर्श और दवाएं प्रदान कीं। मुख्य अतिथि ने वीर नारियों से पेंशन सहित अन्य समस्याओं के बारे में चर्चा की। बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य वीर नारियों की समस्याओं को जानना और कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करना था। आरआर के कमांडिंग आफिसर ने कहा कि यह आयोजन सेना के अपने सैनिकों का सम्मान करने के लिए पुरानी परंपरा का हिस्सा है। इस मौके पर एडीसी राकेश कुमार, एसडीपीओ मीर गफूर, एसडीएम गंदोह प्रीतम थापा, पूर्व सैनिक लीग के अध्यक्ष राज सिंह चाढ़क, विकास मन्हास और अन्य उपस्थित रहे।
सेना हमेशा मदद के लिए बढ़ाती है हाथ
डोडा के कोटि-खंगना क्षेत्र की वीर नारी रेखा देवी ने बताया कि 2005 में उदयनपुर इलाके में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में पति को खो दिया था। लेकिन सेना की शुक्रगुजार हूं, जो मदद के लिए हमेशा सहारा बनी रही। अन्य वीर नारी रेखा ने कहा कि सेना हमेशा हमारी मदद के लिए हाथ बढ़ाती है और कार्यक्रम हमारी सेना की एक पहल है, जिसमें सभी वीर नारियों की शिकायतों को सुना गया। डोडा के शहीद सैनिक राजवीर सिंह की बेटी करिश्मा देवी (19) ने कहा कि जब भी मुझे किसी कार्यक्रम के लिए बुलाया जाता है तो मुझे गर्व महसूस होता है।