उधमपुर। जगानू में कुलदीप भगत को नेकां के एससी सेल का ब्लॉक अध्यक्ष मनोनीत करते जिला प्रधान सुनील
- फोटो : UDHAMPUR
उधमपुर। नेशनल कांफ्रेंस के जिलाध्यक्ष सुनील वर्मा ने सोमवार को कहा है कि केंद्र सरकार दूरदराज के लोगों को बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने में विफल रही है। वह सोमवार को लोगों की समस्याओं का जायजा लेने ब्लॉक जगानू के एक दिवसीय दौरे पर थे।
इस दौरान उन्होंने लोगों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं को सुना। लोगों ने कहा कि जगानू ब्लॉक में अनियमित बिजली कटौती, पानी की कमी और सड़कों की खराब स्थिति से लोग परेशान हैं। सड़कों की स्थिति इतनी खराब है कि नए वाहन चार दिन में खस्ताहाल हो जाते हैं। इसी तरह भीषण गर्मी में उन्हें भारी बिजली कटौती से जूझना पड़ रहा है। पेयजल आपूर्ति भी केवल पाइपलाइन बिछाने तक ही सीमित है। लोगों को एक बाल्टी पानी के लिए भी कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता है।
इस पर नेकां नेता ने लोगों को आश्वासन दिया कि वह संबंधित अधिकारियों के साथ उनके ज्वलंत मुद्दों को उठाएंगे, और उनका जल्द समाधान कराएंगे। इस दौरान कुलदीप भगत नेशनल कांफ्रेंस में शामिल हुए, और जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने का संकल्प लिया। बाद में सुनील वर्मा ने कुलदीप भगत को यूथ नेशनल कांफ्रेंस एससी सेल का ब्लॉक अध्यक्ष नियुक्त किया।