उधमपुर/जिब। जिब पंचायत के पाटा गांव में बिजली के बिल जरूरत से अधिक आने पर स्थानीय निवासी भड़क गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि हर रोज घंटों कटौती की जा रही है और उनको बिल जरूरत से कहीं अधिक भेजे जा रहे हैं। साथ ही केबल व ट्रांसफार्मर की भी हालत खराब है।
शिवदेव सिंह, सरपंच होशियार सिंह ने बताया कि उनकी पंचायत में बिजली सेवा बुरी तरह से प्रभावित है। हर राज घंटों कटौती की जा रही है और कई बार तो ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद कई दिनों तक बिना बिजली के रहना पड़ रहा है। गर्मी के मौसम में कई दिन बिना बिजली के ही गुजारे हैं। पिछले दिनों बिजली विभाग ने उनकी पंचायत में बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ अभियान छेड़ा था। इस दौरान उन्होंने अपनी परेशानी को विभाग के अधिकारियों के सामने रखा था। अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि वह इसमें सुधार करेंगे।
लेकिन अभी तक ऐसा कुछ नहीं किया गया है। बिजली सेवा बुरी तरह से प्रभावित है और विभाग बिजली के बिल पूरे भेज रहा है। उनको बिजली सेवा कुछ दिन ही मिलती है और बिल किसी का भी 500 रुपये कम नहीं है। किसी का तो हजारों रुपये बिल बनाया जा रहा है। विभाग की कार्यप्रणाली उनकी समझ में नहीं आ रही है। अगर बिल पूरा लेना है तो बिजली की सुविधा भी पूरी प्रदान करनी चाहिए। अघोषित कटौती को तुरंत बंद किया जाए और लो वोल्टेज की परेशानी को भी पूरी तरह से दूर किया जाए। अगर ऐसा नहीं किया जाता है तो अब मजबूरन प्रदर्शन करने पड़ेंगे। उनकी मांग है कि विभाग अपनी गलती में सुधार करे और अगर ऐसा नहीं किया तो आने वाले दिनों में मजबूरन शहर पहुंच कर प्रदर्शन करेंगे।