चिनैनी। जम्मू-श्रीनगर पर रोजाना जाम लगना आम हो गया है, जिसका खामियाजा चालकों सहित यात्रियों और पटनीटॉप जाने वाले सैलानियों को भुगतना पड़ रहा है। रविवार को भी एकतरफा यातायात के चलते हाईवे पर जाम लगने से दिनभर वाहन रेंगते रहे। इस कारण सुविधाएं नहीं मिलने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।
चिनैनी से उधमपुर के बीच रोजाना लगने वाले जाम से सफर करना मुश्किल हो गया है। रविवार को एक घंटे के सफर के लिए पांच से छह घंटे का समय लगा है। स्थानीय लोगों के अनुसार हाईवे पर जाम की समस्या विकराल रूप धारण कर चुकी है। सफर करने से पहले कई बार सोचना पड़ता है। लेकिन प्रशासन की ओर से समस्या पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। रविवार को हाईवे पर सुबह से शाम तक जाम लगने से पटनीटॉप जाने वाले सैलानियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा है। लोगों ने सरकार से मांग की है कि हाईवे के वैकल्पिक मार्ग को जल्द खोला जाए, ताकि समस्या से राहत मिल सके।