कटड़ा। पिछले साल के मुकाबले इस साल दो महीने तक माता वैष्णो देवी मंदिर में 1,94,063 अधिक भक्त माथा टेक चुके हैं। जनवरी-फरवरी में 11,42,092 श्रद्धालुओं ने हाजिरी लगाई। 2025 में 9,48,029 श्रद्धालु भवन पहुंचे थे। उस दौरान प्रयागराज में महाकुंभ था जिस कारण श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षाकृत कम रही थी।
फरवरी की बात करें तो 2025 में 3,78,865 श्रद्धालुओं ने यात्रा की थी जिसकी संख्या बढ़कर 4,45,178 पहुंच गई। अभी परीक्षाओं का दौर जारी है। इसके बावजूद प्रतिदिन 14 हजार से 18 हजार श्रद्धालु माता के दर्शन कर रहे हैं। सोमवार दोपहर 4 बजे तक करीब 12,500 श्रद्धालु भवन की ओर रवाना हो चुके थे। अधिकारियों का मानना है कि जैसे ही परीक्षाएं समाप्त होंगी और होली बीतेगी, यात्रा में और तेजी आएगी।
मौसम साफ, दिन में बढ़ रही गर्मी
कटड़ा और भवन मार्ग पर मौसम साफ बना है। हालांकि तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि दर्ज की जा रही है। दिन के समय श्रद्धालुओं को गर्मी का अहसास हो रहा है। इसके बावजूद परिवारों सहित श्रद्धालु जय माता दी के जयकारों के साथ निरंतर भवन की ओर बढ़ रहे हैं।