कटड़ा। संक्रमण के मामलों में गिरावट व कोविड पाबंदियों में मिल रही ढील का असर मां वैष्णो देवी की यात्रा में भी दिखने लगा है। हर हफ्ते यात्रा में अप्रत्याशित बढ़ोतरी होने लगी है। शुक्रवार को जहां 8376 और शनिवार को 12500 भक्तों ने मां वैष्णो देवी की प्राकृतिक पिंडियों के दर्शन किए हैं वहीं, रविवार शाम छह बजे तक करीब छह हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवा कर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके थे।
मां की यात्रा बढ़ने से धर्मनगरी, यात्रा मार्ग और भवन में फिर से रौनक लौटने लगी है। इसके अलावा मां वैष्णो के जयकारों से पूरी धर्मनगरी गूंज रही है। इससे कोरोना काल से परेशान कारोबारियों के चेहरों पर भी रौनक लौटने लगी है। उधर, हेलिकॉप्टर, रोपवे और बैटरी कार सेवा दिनभर बहाल रही, जिसका भक्तों ने लाभ उठा कर मां के दरबार में हाजिरी लगाई है।
गत सप्ताह शनिवार और रविवार को यात्रा का आंकड़ा नौ हजार के पार पहुंच गया था। वही, पंजीकरण कक्ष से मिली जानकारी अनुसार इस शुक्रवार को 8376 और शनिवार को 12500 भक्तों ने मां के दरबार में हाजिरी लगाई थी। जबकि रविवार को शाम छह बजे तक छह हजार भक्त पंजीकरण करवा कर भवन की ओर प्रस्थान कर चुके हैं। वीकेंड पर तीन दिन में भक्तों में संख्या में बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। अन्य दिनों में पांच से छह हजार के बीच भक्त कटड़ा पहुंच रहे हैं। आगामी दिनों में ढील के अनुसार और बढ़ोतरी की संभावना है। गत सप्ताह के मुकाबले इस शनिवार को तीन हजार के करीब यात्रा में बढ़ोतरी हुई है।