उधमपुर। स्वास्थ्य विभाग के पास वैक्सीन की कमी दूर होने के बाद से जिला में कोरोना वैक्सीन लगाने वालों की संख्या में काफी उछाल आया है। जिला के विभिन्न वैक्सीन केंद्रों पर पहुंच कर बुधवार को जहां साढे़ तीन हजार के करीब लोगों ने कोरोना वैक्सीन लगवाई थी। वहीं, वीरवार को इनकी संख्या बढ़कर पांच हजार को भी पार कर गई। शाम तक जिले में 5167 लोग वैक्सीन लगा चुके हैं।
वैक्सीन केंद्रों पर सुबह से ही काफी संख्या में लोग टीकाकरण करवाने के लिए पहुंचने लगे थे, जिसका सिलसिला दोपहर तक लगातार जारी था। स्वास्थ्य विभाग के पास पर्याप्ट संख्या में स्टाक मौजूद है और इसी के चलते अब हर रोज हजारों लोगों को वैक्सीन लग रही है। गौरतलब है कि स्वास्थ्य विभाग को पिछले दिनों 25 हजार से अधिक डोज का नया स्टाक मिला है और इसी कारण अब वैक्सीन लगाने की प्रक्रिया को भी तेज किया गया है। मंगलवार को जिले में साढ़े चार हजार से अधिक लोगों को वैक्सीन लगाई गई थी। बुधवार को जहां इनकी संख्या में थोड़ी गिरावट आई थी, वहीं वीरवार को इनकी संख्या पांच हजार को भी पार कर गई है। शाम तक 5167 लोगों को वैक्सीन लगाई गई है। स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी अनुसार जिले में 12 हैल्थ केयर वर्कर्स को दूसरी डोज, 57 फ्रंट लाइन वर्कर्स को दूसरी डोज, 18 से 44 आयु वर्ग में 1395 लोगों को पहली और 1749 लोगों को दूसरी डोज, 45 से 60 आयु वर्ग में 133 लोगों को पहली और 1104 लोगों को दूसरी, 83 वरिष्ठ नागरिकों को पहली 634 को दूसरी डोज लगाई गई है।