चिनैनी। पंचायत घाड़ियां कलां में भालू ने मवेशी चरा रहे दंपति पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। पालतू कुत्ते कालू के भालू से भिड़ जाने और स्थानीय लोगों के मौके पर पहुंच जाने पर भालू वहां से भाग गया। हमले में दंपति गंभीर रूप से घायल हो गया। सीएचसी चिनैनी में उपचार के बाद हालत में सुधार नहीं होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
घायल दंपति की पहचान जगदीश कुमार (42) और पत्नी निर्मला देवी (38) के रूप में हुई है। घायल जगदीश कुमार ने बताया कि वह दोपहर को पत्नी के साथ घर से थोड़ी दूर मवेशियों को चराने गया था। इस दौरान भालू ने हमला कर दिया। लेकिन पालतू कुत्ता कालू उन्हें बचाने के लिए भालू से भिड़ गया। शोर मचाने पर लोगों को आता देख भालू भाग गया। यदि कालू नहीं होता तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी। हमले में दोनों ही गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सीएचसी चिनैनी में इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। सनद रहे कि कुछ दिन पहले इसी गांव के निकट घाड़ियां खुर्द में भी भालू के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है।