उधमपुर। जिले में वैक्सीन लगवाने के लिए की हजारों की संख्या में लोगों का पहुंचना मंगलवार को भी जारी रहा। जिले के 50 से अधिक सेंटर में साढ़े तीन हजार से अधिक लोगों ने वैक्सीन लगवाई है। वैक्सीन लगवाने में ज्यादातर लोग 18 से 44 आयु वर्ग के हैं। स्वास्थ्य विभाग को भी जरूरत अनुसार वैक्सीन उपलब्ध हो रही है और इसी कारण वैक्सीन लगवाने की लोगों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
सरकार की तरफ से स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि जल्द से जल्द 45 से अधिक आयु वर्ग में 100 प्रतिशत लोगों को वैक्सीन लगवानी है और इसी को लेकर वैक्सीनेशन प्रक्रिया को तेज कर दिया है। वैक्सीन का समय पर स्टाक मिलने के बाद हजारों की संख्या में लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है। हर रोज साढ़े तीन हजार से अधिक लोगों को वैक्सीन लग रही है।
मंगलवार को कुल एक स्वास्थ कर्मचारी को दूसरी डोज, 18 से 44 आयु वर्ग में 1167 लोगों को पहली और 1712 लोगों को दूसरी, 45 से 60 आयु वर्ग में 74 लोगों को पहली और 661 को दूसरी, 15 वरिष्ठ नागरिकों को पहली और 214 को दूसरी डोज दी गई है। वैक्सीन लगवाने के लिए सुबह नौ बजे ही सैंकड़ों की संख्या में लोग पहुंच गए थे और फिर दोपहर तक इनका पहुंचना जारी रहा। समय होने के चलते सेंटर को बंद किए जाने पर कई वैक्सीन सेंटर से लोगों को बिना वैक्सीन लगवाए लौटना पड़ा। लेकिन इनको बुधवार को वैक्सीन लगाने का आश्वासन दिया गया है।