उधमपुर। जिला अस्पताल में ममता को तार-तार करने वाला मामला सामने आया है। शिशु वार्ड में एक-दो दिन की अज्ञात बच्ची लावारिस हालत में मिली है। अस्पताल प्रशासन की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक अज्ञात महिला बच्ची को शिशु वार्ड में रख कर व फरार होते नजर आई है। पुलिस व अस्पताल की टीम बच्ची की देखभाल कर रही है।
स्टॉफ नर्स व लेबर रूम इंचार्ज शालजा चाढ़क ने बताया कि दो दिन पहले सूचना मिली कि एक बेड पर एक बच्ची रो रही है और उसके पास दूध का पैकेट और बोतल रखी हुई है। जांच के बाद बच्ची के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली और इसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज में पाया कि दोपहर करीब डेढ़ बजे हरे रंग का सूट पहने एक महिला बच्ची को लेकर अस्पताल आई और वार्ड चार के बेड नंबर 16 पर छोड़ कर चली जाती है। इस बारे में जिला अस्पताल के मेडिकल सपुरिटेंडेंट और चाइल्ड वेलफेयर को जानकारी दी है। मौजूदा समय में बच्ची की देखभाल अस्पताल प्रशासन और पुलिस कर रही है। जांच में यह भी पता चला है कि बच्ची का जन्म घर पर ही हुआ है।