बोले- स्मार्ट मीटर के बाद भी नहीं मिल रही राहत, कारोबार हो रहा प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। स्मार्ट मीटर लगने के बाद भी शहरवासियों को बिजली की अनिर्धारित कटौती और अधिक बिजली बिल आने की परेशानी से राहत नहीं मिल रही है। कामकाज प्रभावित हो रहा है। मंगलवार को व्यापार मंडल का एक प्रतिनिधिमंडल प्रधान जितेंद्र बरमानी की अध्यक्षता में एक्सईएन पीडीडी से मिला और समाधान की अपील की।
शिष्टमंडल में शामिल व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष राहुल मगोत्रा और सुनील गुड्डा आदि ने समस्याओं से अवगत करवाया। अधिकारी ने कारोबारियों को आश्वस्त किया कि जल्द ही समस्याओं का समाधान कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को अधिक बिल आने की शंका है उनका समाधान जांच से किया जा रहा है। इसके अलावा स्मार्ट मीटर लगाने का काम जारी है। इसलिए, कई जगहों पर बिजली कटौती हो रही है। काम पूरा होते ही समस्या दूर हो जाएगी।
व्यापार मंडल के अध्यक्ष जितेंद्र बरमानी ने कहा कि प्रशासन और विभाग ने वादा किया था कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद 24 घंटे बिजली मुहैया करवाई जाएगी। लेकिन, यह पहले से भी अधिक बढ़ गई है। पूरा शहर परेशानी में है। विभाग मनमर्जी से भारी बिजली कटौती कर रहा है और इसको पूछने वाला कोई नहीं हैं।
उन्होंने कहा कि बिजली कटौती को लेकर शहर में यह स्थिति चिंताजनक है। इससे अच्छा पहले वाले मीटर थे, तब बिजली बेशक कटती थी लेकिन लोगों के बिजली बिल अधिक नहीं आते थे। इसलिए मांग है कि यह स्मार्ट मीटर नहीं चाहिए। अगर यह स्मार्ट चलाने हैं तो उन्हें बिजली भी 24 घंटे दी जाए।