संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। उधमपुर जिले में सेवा पखवाड़ा - स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान 17 सितंबर से शुरू होने जा रहा है। यह विशेष अभियान महिला स्वास्थ्य और परिवार सशक्तिकरण पर केंद्रित होगा जिसका उद्देश्य निवारक स्वास्थ्य सेवा, मातृ एवं शिशु कल्याण और पोषण के बारे में जागरूकता पैदा करना है।
यह जानकारी मंगलवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) उधमपुर डॉ. अनिल मन्हास ने एक पत्रकार वार्ता में दी। न्होंने कहा कि इस पखवाड़े के दौरान जिले भर में स्वास्थ्य जांच शिविर और स्तन कैंसर, गर्भाशय ग्रीवा कैंसर, मुख कैंसर, उच्च रक्तचाप और मधुमेह जैसी बीमारियों की जांच, जागरूकता अभियान और सामुदायिक आउटरीच कार्यक्रम सहित विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी।
इसके तहत इन 15 दिनों में स्क्रीनिंग के लिए जिला में लगभग 123 चिकित्सा कैंप लगाए जाएंगे। रोजाना के हिसाब से प्रत्येक दिन 8 के करीब जगहों पर यह कैंप लगेगा, जिसकी जानकारी आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं इत्यादि के माध्यम से पहले से दे दी जाएगी।
सीएमओ उधमपुर ने कहा कि यह पहल महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देकर पारिवारिक स्वास्थ्य को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी क्योंकि एक स्वस्थ महिला एक मजबूत परिवार और समाज की नींव होती है। सभी से अपील हैं कि अपने- क्षेत्र में लगने वाले इस कैंप का लाभ उठाएं और अपनी सेहत की जांच करवाकर सही परामर्श और उपचार पाएं।