रामनगर कस्बे सहित ग्रामीण इलाकों में लोगों की गर्मी में बढ़ी दिक्कतें
संवाद न्यूज एजेंसी
रामनगर। नगर पालिका सहित ग्रामीण इलाकों में बिजली की अघोषित कटौती जारी है, जिस कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उमस भरी गर्मी में बिजली की कटौती से लोगों का जीना मुहाल हो गया है। लोगों ने बिजली की अघोषित कटौती बंद नहीं करने पर रामनगर-उमधपुर मार्ग बंद करने की चेतावनी दी है।
वार्ड तीन के पूर्व पार्षद संजीव जंडयाल, पिंगला माता अखंड ज्योत कमेटी के संयोजक विनय जंडियाल, व्यापार मंडल के प्रधान जोगेंद्र कुमार बंगाथिया और प्रोग्रेसिव यूथ फोरम के अध्यक्ष पवन देव सिंह आदि ने बिजली विभाग के प्रति रोष जताया है। उन्होंने बताया कि एक माह से लगातार बिजली की आंखमिचौनी के चलते लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली कटौती से दिनचर्या प्रभावित हो रही है। उमस भरी गर्मी से छोटे बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को काफी परेशानी हो रही है। व्यापारियों का कारोबार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने विभाग को चेतावनी दी है कि जल्द बिजली की अघोषित कटौती बंद नहीं की तो वह विभाग के कार्यालय के बाहर रामनगर-उधमपुर मार्ग बंद करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।