शहर में 10 घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल, आधे शहर में नहीं हो पाई पानी की सप्लाई
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। जिले सहित शहर में शुक्रवार देर रात चले तूफान की वजह से आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई जगह पेड़ गिर गए है तो कहीं पर साइन बोर्ड उखड़ गए हैं। बिजली ढांचे को भी काफी नुकसान पहुंचा है। इस कारण शहर में करीब 10 घंटे बाद बिजली बहाल हो पाई है, जबकि आधे शहर में पानी की आपूर्ति प्रभावित रही है। इस कारण शहरवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।
तूफान और बारिश से जहां गर्मी से राहत मिली है तो वहीं इससे आम जनजीवन भी बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। इससे विशेष तौर पर ग्रामीण इलाकों में किसानों की चिंता बढ़ा दी है। शहर के कई स्थानों पर भी बिजली की लाइन में फाल्ट आने और पेडों के सड़कों में गिरने की समस्या उत्पन्न हुई है। गांवों और शहर के कई इलाकों में लोगों को रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी है। सुबह बिजली बहाल होने के बाद भी दिनभर आंख मिचौनी जारी रही। करीब आधे शहर में पानी की आपूर्ति नहीं हो पाई। उधर, शुक्रवार रात से शुरू हुआ तूफान का सिलसिला शनिवार को भी रुक-रुक कर जारी रहा। सुबह के समय हल्की बारिश भी हुई है। शहर के आदर्श कॉलोनी, रेहमती, धार रोड, कैपरी, ओमाडा मोड, दंदियाल आदि इलाकों में तूफान के कारण पेडों की शाखाएं टूट कर सडकों पर गिर गईं। इससे वाहन चलाने में दिक्कत हुई। बाद में इन्हें हटाकर आवाजाही को सुचारू बनाया गया। इसी तरह धार रोड के किनारे और शहर के कुछ अन्य हिस्सों में दुकानों और कार्यालयों के बाहर दीवारों पर टंगे साइन बोर्ड भी उखड़े नजर आए। जलशक्ति विभाग के जेई अरुण गुप्ता ने बताया कि बिजली बंद रहने की वजह से करीब आधे शहर में पेयजल सप्लाई नहीं की जा सकी है। जिन इलाकों में बिजली की समस्या नहीं थी वहां पेयजल सप्लाई दी गई है।
शहर के इन इलाकों में रातभर गुल रही बिजली
शहर के आदर्श कालोनी, जखैनी, वार्ड एक के हाउसिंग कॉलोनी, दोमेल, चबूतरा बाजार, ओमाला, रेहमती, आंबेडकर कॉलोनी, वार्ड 19 के शिव नगर, वार्ड पांच के बाड़ेयां, सुक्की करलाई, स्याल, चरी स्याल, गोल मार्केट, हास्पिटल रोड, सैलां तालाब आदि इलाकों में 10 से 12 घंटे तक बिजली समस्या रही। इस कारण कामकाजी लोगों को मोबाइल फोन, लैपटाप आदि उपकरण चार्ज नहीं हो पाने के कारण परेशानी उठानी पड़ी। वहीं, पानी नहीं आने से संबंधित काम ठप हो गए।
इन इलाकों में नहीं हुई पानी की आपूर्ति
बिजली बंद होने के कारण शनिवार सुबह लगभग आधे शहर में पानी की आपूर्ति प्रभावित रही। इनमें गोल मार्केट, पांडव मंदिर, रामनगर चौक, हाउसिंग कॉलोनी, बाड़ेयां, शक्ति नगर, सुक्की करलाई, बिल्लन बावली, आइस फैक्टरी, सयाल सल्लन, चबूतरा बाजार, सैलां तालाब, संगूर, दोमेल इत्यादि इलाके शामिल हैं।
लोगों की दिनचर्या हुई प्रभावित, दुकानदार और छात्र परेशान
सुबह 10 बजे के बाद बिजली बहाल होने पर लोगों को राहत मिल पाई। रात के बाद सुबह भी दस बजे तक बिजली बंद रहने से लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। कपड़े प्रैस नहीं होने और समय पर पानी नहीं आने के कारण सभी काम लटक गए। दुकानों पर भी कामकाज प्रभावित हुआ। छात्र वर्ग और कामकाजी लोग भी परेशान हुए।
सडकों पर बने गड्ढों में पानी भरने से आई परेशानी
शहर के दोमेल से जखैनी चौक और कैपरी इलाके में पुराने राजमार्ग पर बने गड्ढों में बारिश का पानी जमा होने से लोगों को आवाजाही करने में दिक्कत हुई। कशीराह, बरयाल, लड्डन पावर हाउस, ओमाला आदि इलाकों में भी यह समस्या देखने को मिली है।
तूफान से बिजली लाइनों में कई जगहों पर फाल्ट आने से शहर के कुछ इलाकों में बिजली गुल रही है। शनिवार को मौसम में सुधार आते ही कर्मी काम पर जुट गए थे और सभी जगह बिजली बहाल कर दी गई है। इस तरह की समस्या से निपटने के लिए बिजली ढांचे में सुधार की योजना पर काम किया जा रहा है।
-
सुनील दत्त पंडोह, एक्सईएन, पीडीडी