उधमपुर। स्वच्छ भारत मिशन-ग्रामीण के तहत जिले की पंचायत चुलना में स्वच्छता की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। वार्ड नंबर 9 में 15 केएलडी (किलो लीटर प्रतिदिन) क्षमता वाले विकेंद्रीकृत अपशिष्ट जल शोधन संयंत्र के निर्माण को प्रशासनिक मंजूरी मिल गई है।
26 लाख रुपये की अनुमानित लागत वाली इस परियोजना के लिए ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने टेंडर जारी कर दिया है। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण इलाकों में आधुनिक तकनीक के जरिए गंदे पानी की निकासी और उसके प्रबंधन को सुदृढ़ करना है। यह संयंत्र पूरी तरह विकेंद्रीकृत प्रणाली पर काम करेगा। इससे स्थानीय स्तर पर ही अपशिष्ट जल को साफ किया जा सकेगा। इस संयंत्र से उपचारित जल का उपयोग सिंचाई और अन्य गैर-पीने योग्य कार्यों में किया जा सकेगा।
इस मंजूरी से ग्रामीण खुश हैं। विकास शर्मा, गोपी चंद, सूरम सिंह, शोंकू राम ने कहा कि वार्ड 9 में गंदे पानी की निकासी की समस्या लंबे समय से थी। अब इस परियोजना के शुरू होने से स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित होगा।
पंचायत चुलना में विकेंद्रीकृत अपशिष्ट जल शोधन संयंत्र निर्माण कार्य को लेकर टेंडर जारी हो गया है। इसकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम जल्द शुरू किया जाएगा।
-
संजय कुमार, एक्सईएन