महाशा बिरादरी पॉजिटिव एसोसिएशन के सदस्य उपायुक्त उधमपुर को ज्ञापन सौंपने जाते।
- फोटो : ??????
उधमपुर। जिले की लाटी तहसील के तहसीलदार के पटवारी पर जातिगत टिप्पणी करने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मामले के विरोध में अब सामाजिक संगठन भी लामबंद होने लगे हैं। सोमवार को महाशा बिरादरी पॉजिटिव एसोसिएशन ने उपायुक्त उधमपुर को एक ज्ञापन सौंपाकर तहसीलदार को अटैच करने की मांग की है।
एसोसिएशन अध्यक्ष रतन चंद बलोतरा ने कहा कि पिछले दिनों लाटी के तहसीलदार द्वारा तहसील कार्यालय में तैनात पटवारी अशोक कुमार पर जातिगत टिप्पणियां तथा जाति के आधार पर प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। यह घटना निंदनीय है। किसी भी अधिकारी को इस तरह का व्यवहार नहीं करना चाहिए।
वहीं, एसोसिएशन चेयरमैन सोमराज कुंडल ने कहा कि जब तक जांच पूरी करके सच सामने नहीं लाया जाता तब तक तहसीलदार को उपायुक्त कार्यालय में अटैच किया जाए। उन्होंने मांग की कि तहसीलदार के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया जाए, क्योंकि ऐसे लोग सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का काम कर रहे हैं। जातिवादी मानसिकता वाले किसी व्यक्ति को किसी भी सरकारी पद पर रहने का अधिकार नहीं होना चाहिए।
प्रतिनिधिमंडल में एसोसिएशन के पूर्व चेयरमैन कुंदन लाल, उपाध्यक्ष ओम प्रकाश, राकेश कुमार, सोहन लाल, शिव लाल, पूर्व अध्यक्ष राम रत्तन धराई, अश्विनी कुमार, सुदेश कुमार, विकास डोगरा, शिव कुमार, बब्बू और लख्मी चंद आदि शामिल थे।