उधमपुर। श्री कृष्ण जन्माष्टमी की तैयारी में इस्कान मंदिर में लाइटिंग लगाने का काम करते कारीगर:
- फोटो : samvad
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, दो दिन बंद रहेंगी शराब की दुकानें
उधमपुर। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर शहर के बाजारों में राैनक बढ़ गई है। मंदिरों में साज-सजावट का काम जारी है। बुधवार को बाजारों में सुबह से शाम तक काफी चहल -पहल रही। शहर में सुरक्षा व्यवस्था के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं।
लोग खास तौर पर पर्व से जुड़ी सामाग्री, फलाहार का सामान, वस्त्र इत्यादि की खरीदारी करते नजर आए। मंदिरों में साज-सजावट का काम जारी रहा। शहर के राधा कृष्ण मंदिर आदर्श काॅलोनी, धार रोड़ के किनारे इस्कान मंदिर में कारीगर सजावट का काम करते रहे।
इस बार श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व शनिवार 16 अगस्त को मनाया जा रहा है। श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर उनकी बाल-लीलाओं के बारे में जान सकेंगे। कई जगहों पर हांडी फोड़ कार्यक्रम करवाए जाएंगे और भजन-कीर्तन होंगे।
शहर और मंदिरों के आसपास जवानों की अतिरिक्त तैनाती के प्रबंध किए गए हैं। अप्रिय घटनाओं की रोकथाम को लेकर 15 और 16 अगस्त को शराब की सभी दुकानों को बंद रखा जाएगा।
प्रतिबंधित गट्टू डोर के इस्तेमाल पर रोक को लेकर पतंगबाजों पर रहेगी खास नजर
रक्षाबंधन के बाद श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर की जाने वाली पतंगबाजी पर इस बार पुलिस की पैनी नजर रहेगी। इसको लेकर पुलिस प्रशासन करीब दो सप्ताह पहले से ही सतर्क है और पतंगबाजी के लिए इस्तेमाल हो रही गट्टू डोर पर प्रतिबंध का सख्ती से पालन भी करवा रहा है। मगर इसके बावजूद रक्षाबंधन के दिन बाइक पर सवार होकर जा रहे सीन ब्राह्म्णा के एक युवक की गट्टू डोर से गला कटने की वजह से दर्दनाक मौत हो गई थी। इसलिए अब जन्माष्टमी पर होने वाली पतंगबाजी में गट्टू डोर का इस्तेमाल न हो पाए इसको सुनिश्चित करना पुलिस के लिए भी चुनौती रहेगी।