स्टेटहुड की मांग को लेकर उधमपुर में रोष रैली निकलते नेशनल कॉन्फ्रेंस के कार्यकर्ता।
-राज्य का दर्जा बहाल करने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। अनुच्छेद 370 निरस्तीकरण की वर्षगांठ पर जिला नेशनल कांफ्रेंस (नेकां) की तरफ से भी प्रदर्शन किया गया और रोष रैली निकाल कर राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग की गई। जिला अध्यक्ष सुनील वर्मा की अध्यक्षता में प्रदर्शन किया गया।
पार्टी के जिला कार्यालय बाड़ेयां से शुरू हुई विरोध रैली डीसी कार्यालय परिसर के बाहर पहुंची और वहां प्रदर्शन किया गया। प्रवक्ता आकाश वर्मा ने कहा कि छह साल पहले हमसे हमारी रियासत के साथ-साथ हमारे तमाम हक भी छीन लिए गए थे। जिसके खिलाफ हम पहले दिन से ही संघर्ष कर रहे हैं। हम केंद्र सरकार को यह बताना चाहते हैं कि जम्मू-कश्मीर के राज्य का दर्जा हमारा संवैधानिक अधिकार है और हम आपसे कोई भीख नहीं मांग रहें हैं। उन्होंने कहा कि नेशनल कांफ्रेंस हर साल इस दिन को काला दिवस के रूप में मनाती है और आज हमने अपने इस प्रदर्शन के माध्यम से केंद्र सरकार को चेताया है कि अगर जल्द ही हमारे राज्य का दर्जा बहाल नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में नेकां उग्र प्रदर्शन करने पर मजूबर हो जाएगी।