सरथल यात्रा : दूसरे दिन भी सरथल मंदिर में हुआ हवन-यज्ञ और जागरण
संवाद न्यूज एजेंसी
किश्तवाड़। सरथल यात्रा के पहुंचते क्षेत्र जयकारों से गूंज रहा है। सोमवार को दूसरे दिन हवन-यज्ञ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लेकर प्रदेश सहित परिवार में सुख-समृद्धि की कामना की। वहीं, माता की थाली दरबार में पहुंचते ही पूरा क्षेत्र महामाई की भक्ति में डूब गया। साथ ही रात को जागरण भी हुआ।
जागरण में जम्मू कश्मीर कला, संस्कृति विभाग व सरथल माता प्रचार समिति ट्रस्ट की ओर से आमंत्रित किए गए गायकों ने हिस्सा लिया। सोनी ग्रुप से वीरेंद्र सोनी और प्रसिद्ध गायिका वर्षा जम्वाल सहित अन्य कलाकारों ने महामाई का गुणगान किया। इस दौरान पंडाल में मौजूद भक्त झूमने को मजबूर रहे। सुबह प्रसाद ग्रहण कर सभी अपने घरों को लौट गए।
सरथल देवी ट्रस्ट की तरफ से रविवार सुबह मंदिर परिसर में हवन-यज्ञ कराया गया। इस दौरान भव्य शोभायात्रा भी निकाली गई। ट्रस्ट के उपाध्यक्ष संजीव परिहार के नेतृत्व में माता की थाली व खटोले ढोल बाजों के साथ माता अष्ठादश भुजा सरथल देवी के दरबार में पहुंचाए गए। यहा पर पूजा-अर्चना के बाद हवन किया गया और पूर्णाहुति के बाद प्रसाद वितरित किया गया। यात्रा का समापन मंगलवार को होगा।