- बलिनाला और थर्ड इलाका सबसे अधिक प्रभावित, बारिश के कारण फिर से हाईवे बंद होने की आशंका
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। भारी बारिश के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर छठे दिन भी यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। हालांकि रविवार शाम पांच बजे के करीब अस्थायी मार्ग तैयार कर उधमपुर में फंसे हुए वाहनों को घाटी की ओर छोड़ना शुरू किया गया।
गौरतलब है कि उधमपुर से कुछ दूरी पर श्रीनगर की ओर थर्ड और बलिनाला में पहाड़ी धंसने से राजमार्ग भी कई हिस्सों से मलबे में तबदील हो चुका है। उस पर बारिश भी राहत कार्य में दिक्कतें पैदा कर रही हैं। 26 अगस्त की मूसलाधार बारिश ने राष्ट्रीय राजमार्ग को बुरी तरह से प्रभावित किया है। जगह-जगह भूस्खलन, मिट्टी व पहाड़ धंसने की वजह से हाईवे को क्षति पहुंची है। थर्ड इलाके में हाईवे का एक हिस्सा पूरी तरह से धराशायी हो गया जबकि दूसरे हिस्से की स्लैब उखड़ गई।
पिछले दो दिन में हाईवे को खोलने के प्रयास में जुटी सड़क निर्माण एजेंसी और पुलिस-प्रशासनिक टीमों ने मशीनों के माध्यम से अस्थायी मार्ग तैयार किया। इसके चलते शुक्रवार और शनिवार को उधमपुर में फंसे कई वाहनों को चिनैनी, रामबन और घाटी की ओर छोड़ा भी गया। परंतु शनिवार शाम को बलिनाला में पहाड़ी धसने से एकतरफ लेन पूरी तरह से बंद हो गई।
रविवार की सुबह बारिश की वजह से राहत कार्य में बाधा पैदा हुई और थर्ड में भी पहाड़ी धंसना शुरू हो गई। इसके चलते आसपास के इलाकों को भी खाली करवा दिया गया। शाम को मौसम साफ होने पर अस्थायी मार्ग तैयार कर वाहन घाटी की तरफ छोड़े गए। बारिश जारी रही तो राजमार्ग फिर से बंद होने की पूरी आशंका है।
दूल्हे राजा को भी करना पड़ा लंबा इंतजार
राजमार्ग पर यातायात बंद होने की वजह से जखैनी चौक पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। इस दौरान सुबह डंसाल से अपनी बरात लेकर उधमपुर पहुंचे दूल्हे को भी कई घंटों तक जखैनी पर ही इंतजार करना पड़ा। बरात डंसाल से रामबन जा रही थी लेकिन जखैनी से उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया गया। दूल्हे के परिवार ने यातायात पुलिस से गुहार लगाई कि उन्हें स्लाइडिंग एरिया तक जाने दें। वहां से वो पैदल रास्ता पार कर अन्य वाहन से आगे चले जाएंगे। आखिरकार लंबे इंतजार के बाद दूल्हे को बरात समेत रामबन की ओर रवाना कर दिया गया।
कोट...
अस्थायी मार्ग तैयार कर शाम पांच बजे उधमपुर में फंसे अधिकतर वाहनों को छोड़ दिया गया था। थर्ड और बलिनाला में काफी नुकसान हुआ है। अगर बारिश हुई तो फिर से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
- जतिंद्र सिंह, डीएसपी ट्रैफिक, उधमपुर-रामबन
फोटो सहित