- ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने निविदा प्रक्रिया शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
उधमपुर। ब्लाॅक लाटी मरोठी की पंचायत चफड़-ए के सरकारी मिडिल स्कूल बंधोल में चल रही चहारदीवारी की समस्या जल्द दूर होगी। विकास कार्याें के लिए मिले बजट के तहत 5.82 लाख रुपये की लागत से कंटीले तार लगाकर स्कूल की चहारदीवारी का निर्माण किया जाएगा।
इस काम के लिए मंजूरी मिल चुकी है। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की ओर से इसकी निविदा प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। स्कूल की चहारदीवारी का काम पूरा होने से स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी। इससे यहां शिक्षा हासिल करने वाले विद्यार्थियों को पेश आ रही समस्या से भी छुटकारा मिलेगा।
स्थानीय नितिन कुमार, यशपाल शर्मा, पवन सिंह व अन्य ने बताया कि इस स्कूल की स्थापना 1964 में हुई थी। यह सह-शिक्षा वाला स्कूल है और जिला उधमपुर के दूरदराज के ग्रामीण इलाके में स्थित है। यहां कमरों और खेल मैदान की सुविधा अच्छी है लेकिन स्कूल की चहारदीवारी न होने के कारण अकसर पशु स्कूल में घुस आते हैं।
ग्रामीण इलाका होने के कारण यहां जंगली जानवरों का भी डर बना रहता है। असामाजिक तत्व भी स्कूल बंद होने के बाद यहां घूमते रहते हैं। इससे स्कूल और छात्रों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई थी। इसलिए काफी समय से मांग की जा रही थी कि जल्द से जल्द स्कूल की चहारदीवारी बनाई जाए।
——
स्कूल में चेन लिंक फेंसिंग के काम के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है। इसकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद आगे का काम भी जल्द पूरा किया जाएगा।
-मो. अनवर, एक्सईएन, ग्रामीण इंजीनियरिंग विंग